Homeउत्तर प्रदेशमीरापुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

मीरापुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मीरापुर पुलिस ने ग्राम मुझेडा में नवनिर्माणाधीन घेर के अंदर चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया। मौके से करीब 10 लाख रुपये कीमत के बने और अधबने पटाखे तथा उन्हें तैयार करने का सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुझेडा गांव में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। घेराबंदी कर समून पुत्र अनवर निवासी मोहल्ला मुश्तर्क, मीरापुर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

तलाशी के दौरान छह बोरों में करीब 90 किलोग्राम और छह कार्टून में 171 किलोग्राम पटाखे मिले। इसके अलावा एक कार्टून में 33 पैकेट पटाखे, गंधक, पोटाश, मिश्रित बारूद, कोयले की राख समेत पटाखे बनाने के उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता के नाम पहले पटाखे बनाने का लाइसेंस था, जिसे कई वर्ष पहले निरस्त कर दिया गया था। दीपावली पर पटाखों की मांग बढ़ने को देखते हुए वह साथियों के साथ मिलकर अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा था। तैयार पटाखों को बाजार में बेचकर मुनाफा कमाने की योजना थी।

पुलिस ने मामले में थाना मीरापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 162/26 के तहत धारा 288, 125 बीएनएस और 5/9बी विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक मदनपाल सिंह, उपनिरीक्षक बिसम्बर सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments