रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बारहसिंघा हिरन के छह सींगों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सींगों का कुल वजन करीब छह किलोग्राम है। पुलिस ने वन्यजीव अंगों की तस्करी और अवैध कब्जे के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र मन कुमार, निवासी ग्राम योगेंद्रपुर, थाना भोपा के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना भोपा में मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 39, 40, 49, 49बी और 51 में मुकदमा दर्ज किया है।
तस्करी नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बारहसिंघा के सींग आरोपी तक कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस का दावा है कि वन्यजीव तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक भोपा आशुतोष कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल रितिक, अरुण कुमार, प्रमोद कुमार और चेतन शर्मा की टीम ने की।
