रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। चरथावल कस्बे में निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई। गुरुवार को उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने इंडियन मेडिकेयर और ग्रीन हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अस्पतालों में ओपीडी संचालित नहीं मिली और मौके पर कोई चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए नहीं पाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जांच की गई।
उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने दोनों अस्पताल संचालकों को आवश्यक अभिलेखों के साथ तीन दिन के भीतर सीएमओ कार्यालय में उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने अथवा जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
