रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के 2500 छात्र-छात्राओं के खातों में 61.36 लाख रुपये की छात्रवृत्ति भेजी गई। शनिवार को एसडी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुआ लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता के महत्व की जानकारी दी गई।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी ने छात्रवृत्ति योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर से अग्रसारित डाटा के आधार पर कक्षा नौ से 10 तक के 1504 विद्यार्थियों के खातों में 35.42 लाख रुपये तथा कक्षा 11 से 12 तक के 996 विद्यार्थियों के खातों में 25.94 लाख रुपये सीधे आधार सीडेड बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा जारी रखने में मदद देना है।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत विभागीय अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों तक छात्रवृत्ति का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
