Homeउत्तर प्रदेशचरथावल में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस...

चरथावल में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस बरामद

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में समीर उर्फ ओसामा खालापार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में चरथावल पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार को मुखबिर की सूचना पर दधेडू पुल बाईपास के पास की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खालापार की दर्जी वाली गली निवासी समीर उर्फ ओसामा पुत्र इलियास और मोनिश पुत्र इलियास के रूप में हुई है।

घर के बाहर से चोरी की थी बाइक

पुलिस के अनुसार, दधेडू कलां निवासी शादाब पुत्र शेर अली ने 25 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 24 अक्टूबर को उनके घर के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

बेचने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस का दावा है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल दधेडू कलां अड्डे के पास एक गली में घर के सामने से चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों चोरी की बाइक बेचने की फिराक में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल का नंबर यूपी-12-एएस-8905 बताया गया है।

समीर पर 15 और मोनिश पर 14 मुकदमों का उल्लेख

पुलिस के मुताबिक, समीर उर्फ ओसामा का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह खालापार थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 74ए है। वहीं, मोनिश के खिलाफ भी लूट, चोरी, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं। इस संबंध में आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, सचिन कुमार और कपिल कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments