Homeउत्तर प्रदेशखंडहर में छिपा रखी थीं चोरी की दो बाइक, पुलिस ने वाहन...

खंडहर में छिपा रखी थीं चोरी की दो बाइक, पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुलिस से बचने के लिए चोरी की दो मोटरसाइकिलों को खंडहरनुमा स्थान पर छिपाकर रखा था। दोनों बाइकों को ठिकाने लगाने पहुंचा वाहन चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भोपा पुलिस ने सिकरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों बाइक शामली जनपद से चोरी करने की बात स्वीकार की है।

प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह के नेतृत्व में भोपा पुलिस निरजाजनी झाल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर वाहन चोर सिकरी के पास खंडहरनुमा स्थान पर चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान शामली के थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव कुढाना निवासी रितिक पुत्र अजीत के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-16 सीएल-3294, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या डीएल-5एसबीक्यू-6583 और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में रितिक ने पुलिस को बताया कि दोनों मोटरसाइकिलें उसने जनपद शामली से चोरी की थीं। पुलिस की नजर से बचने के लिए दोनों बाइकों को भोपा क्षेत्र में लाकर छिपा दिया था। शनिवार को वह दोनों मोटरसाइकिलों को वहां से ले जाने पहुंचा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ शामली के थाना कोतवाली में मारपीट, धमकी और वाहन चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। भोपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 247/2026 में धारा 317(2), 318(4), 336(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, हेड कांस्टेबल 325 विनय कुमार, कांस्टेबल 1666 अजय कुमार और कांस्टेबल 800 पवन कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments