रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। जनपद में अवैध रूप से औषधियों की बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को औषधि निरीक्षक सुश्री नेहा वैश ने पुलिस बल के सहयोग से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
औषधि निरीक्षक के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र में आश्रम पद्धति रोड के पास मोड़ पर दोनों अभियुक्तों को 95 बोतल कोडीन युक्त सिरप का अवैध रूप से बिक्री करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान दोनों के पास औषधियों के विक्रय का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
मौके से बरामद औषधियों के नमूने नियमानुसार संग्रहित कर जांच एवं विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि राजकीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विवेचना पूर्ण कर दोनों अभियुक्तों तथा मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध औषधि अधिनियम के तहत नियमानुसार न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बिना वैध लाइसेंस औषधियों की बिक्री और अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
