रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। ओवरलोडिंग एवं अवैध खनन के परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सभी चेक प्वाइंटों पर सघन निगरानी और वाहनों की अनिवार्य जांच के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सिसोदिया की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में अवैध खनन और और परिवहन पर प्रतिबंध लगाए जाने हेतु टास्क फोर्स की बैठक की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चेक प्वाइंटों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए और बिना जांच किसी वाहन को आगे न जाने दिया जाए। उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं खान अधिकारी संयुक्त टीमें गठित कर नियमित तथा आकस्मिक जांच करें। ओवरलोडिंग, अवैध खनन, अनधिकृत बॉडी एक्सटेंशन, बिना एचएसआरपी या टेम्पर्ड नंबर प्लेट तथा अपूर्ण दस्तावेज पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि ओवरलोड खनिज अथवा अन्य सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों में अनधिकृत बॉडी एक्सटेंशन पाए जाने पर इसकी सूचना परिवहन विभाग को दें, ताकि संबंधित वाहनों की फिटनेस निरस्त करने और पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई की जा सके। मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार बैरियर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारियों को बिना नंबर प्लेट वाले डंपर और संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध परिवहन या ओवरलोडिंग पाए जाने पर संबंधित उप जिलाधिकारी, खान अधिकारी अथवा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर चेक प्वाइंटों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट खान अधिकारी को उपलब्ध कराने और उसकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। चेकिंग व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा. श्री आनंद कुमार सिंह, खान अधिकारी श्री अमित रंजन, एआरटीओ श्री राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
