रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खालापार पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सात वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक वारंटी के कब्जे से अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पिल्लू उर्फ दिला उर्फ दिलनवाज को 19 सितंबर की रात किदवईनगर में मास्टर शराफत के ऑफिस के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ खालापार, कोतवाली नगर और सिविल लाइन थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि पिल्लू उर्फ दिलनवाज के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं। उसके खिलाफ खालापार थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। चाकू बरामदगी के मामले में उपनिरीक्षक सतपाल सिंह को विवेचना सौंपी गई है।
इसी क्रम में पुलिस ने किदवईनगर स्थित नूर मस्जिद के पास से सलमान उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में दर्ज पुराने मुकदमे में न्यायालय से वारंट जारी था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ लूट, हत्या समेत आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं।
वहलना से पुलिस ने अर्जुन पुत्र सुरेश कश्यप को गिरफ्तार किया। वह सिखेड़ा थाने में दर्ज वर्ष 2017 के जानलेवा हमले के मुकदमे से संबंधित न्यायालयी वारंट में वांछित था। पुलिस के अनुसार अर्जुन के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी है। अभियान में न्यायालय से जारी वारंटों का अनुपालन कराने के साथ-साथ लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी की जा रही है। गिरफ्तार सभी वारंटियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
