रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को आयुष विभाग की ओर से विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल ने अतिथियों को औषधीय पौधे भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने आयुर्वेद दिवस के आयोजन और आयुर्वेदिक जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने और जंक फूड से दूरी बनाने का संदेश दिया।
रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसके अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने रसोई में उपलब्ध औषधीय गुणों वाले मसालों और हर्ब्स के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों को चिकित्सकीय परामर्श के बिना आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन न करने की सलाह भी दी।
प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल ने आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के साथ पारंपरिक उपचार पद्धति की उपयोगिता बताई। कार्यक्रम में डॉ. साक्षी जैन, डॉ. प्रिया शर्मा और डॉ. अमित ने आयुर्वेदिक जीवनशैली तथा औषधीय पौधों के विषय पर व्याख्यान दिए।
होम्योपैथिक विभाग की ओर से डॉ. अक्षय कुमार कात्यायन, डॉ. अनुज कुमार और डॉ. प्रीति गुप्ता सहित आयुष विभाग के चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।
अंत में डॉ. इसमपाल ने सभी जनप्रतिनिधियों, मुख्य विकास अधिकारी, आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों और निजी क्षेत्र के चिकित्सकों का आभार जताया। आयुष विभाग में विशेष योगदान देने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
