रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने 21 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर और गैर जमानती वारंट में वांछित आरोपी को तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि निरधना अड्डे से दधेडू की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर बाग के पास हिस्ट्रीशीटर मुर्सलीन उर्फ पम्पा पुत्र मुकीम निवासी निरधना मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर चरथावल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 184/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। विवेचना उपनिरीक्षक परविंद्र कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुर्सलीन उर्फ पम्पा थाना चरथावल का हिस्ट्रीशीटर है और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-6, मुजफ्फरनगर से जारी गैर जमानती वारंट में भी वांछित चल रहा था। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गोवंश संरक्षण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 21 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे और न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट की जानकारी देते हुए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
