रिपोर्ट: राकेश कुमार, बिजनौर
बिजनौर जनपद में एक युवक के कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। काजीवाला गांव के सैकड़ों लोग सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि गांव का एक युवक चार वर्ष पहले नौकरी और काम सीखने के बहाने नाबालिग विशाल को कश्मीर ले गया था, जहां कथित रूप से उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। मामले को लेकर गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
नाई का काम सीखने के लिए गया था कश्मीर
पीड़ित पिता कृष्ण कुमार के अनुसार करीब चार साल पहले गांव निवासी वसीम उनके नाबालिग पुत्र विशाल को नाई का काम सीखने के लिए कश्मीर लेकर गया था।
परिजनों का कहना है कि उसके बाद से विशाल का परिवार से संपर्क लगभग खत्म हो गया था और वह पिछले कई वर्षों से सामान्य रूप से बात भी नहीं करता था।
कृष्ण कुमार का आरोप है कि 15 मई 2026 को जब उनकी बेटे से बातचीत हुई तो वह डरा और सहमा हुआ लग रहा था तथा खुद को वहां से वापस ले जाने की गुहार लगा रहा था।
वायरल वीडियो से बढ़ा मामला
परिजनों का कहना है कि बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें युवक कथित रूप से धर्म परिवर्तन के बाद दूसरे नाम से दिखाई दे रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोग एसपी कार्यालय पहुंच गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि युवक को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया है और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाजपा नेता ने अधिकारियों से की बात
मामले की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी भी परिजनों के समर्थन में सामने आए।
बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों के अनुसार बिजनौर पुलिस की एक टीम को कश्मीर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि युवक फिलहाल कश्मीर के कुपवाड़ा थाना क्षेत्र में मौजूद है और पुलिस टीम उसे वापस लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
भाजपा नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी ने पुलिस अधीक्षक बिजनौर से मामले में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग की है।
वहीं क्षेत्राधिकारी नगर संग्राम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में बना तनाव का माहौल
मामले के सामने आने के बाद काजीवाला गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण युवक को सकुशल वापस लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और मामले की जांच जारी है।
