रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। मेवाड़ के महान दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर राज्य कर विभाग, मुजफ्फरनगर संभाग की ओर से व्यापारी कल्याण दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रमुख व्यापारी, उद्योगपति एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सर्वाधिक राज्य कर जमा करने वाले शीर्ष व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राजनाथ तिवारी ने दानवीर भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।
सहायक आयुक्त सारिका सिंह ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना तथा विभाग की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शीर्ष करदाताओं का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान राज्य कर विभाग द्वारा विभिन्न टर्नओवर श्रेणियों में सर्वाधिक कर जमा करने वाले जिले के शीर्ष 10 व्यापारियों एवं उनकी फर्मों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : कपिल देव अग्रवाल
मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से दानवीर भामाशाह के त्याग, सेवा और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
व्यापारियों की समस्याएं सुनकर दिए समाधान के निर्देश
राज्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों को सुरक्षित, भयमुक्त और सुगम व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों को हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में व्यापारिक हितों से जुड़ी योजनाओं एवं शासन की नीतियों पर भी चर्चा की गई। अंत में संयुक्त आयुक्त (वि. अनु. शा.) सिद्धेश चन्द्र दीक्षित ने सभी अतिथियों, व्यापारियों, अधिकारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।
