रिपोर्टर: कबीर
मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में गंगा स्नान के दौरान तीन श्रद्धालुओं की डूबने से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गए हैं। सोमवार को गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका गया। साथ ही लगातार सतर्कता बरतने की अपील की गई।
गंगा घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने शुकतीर्थ के प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर स्नान करने की सलाह देते रहे और गहरे पानी में न उतरने की चेतावनी देते रहे।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।
रविवार को तीन श्रद्धालुओं की हुई थी मौत
रविवार को भोपा थाना क्षेत्र स्थित शुकतीर्थ में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गंगा स्नान करते समय तीन श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई थी।
मृतकों की पहचान राजन (18) निवासी फतेहपुर कलां, जनपद बिजनौर, हिमांशु (18) निवासी बिजवाड़ा, जनपद बागपत तथा 10 वर्षीय रागनी निवासी हरनंगला, जनपद बिजनौर के रूप में हुई। वहीं मनीष नामक युवक इस हादसे में घायल हो गया था, जिसका उपचार जारी है।
गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने तीनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए। शव गांव पहुंचने पर परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि मृतक हिमांशु कक्षा 11 का छात्र था। उसके परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं।
सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू
तहसील प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा या अन्य नदियों में स्नान करते समय निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही उतरें, गहरे पानी से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
