रिपोर्ट: संदीप वर्मा
बाराबंकी से बड़ी खबर
बाराबंकी में जिला कृषि अधिकारी ने शुक्रवार को सिरौलीगौसपुर और नवाबगंज तहसील क्षेत्र के 13 उर्वरक बिक्री केंद्रों (2 सहकारी समितियां/बी-पैक्स एवं 11 निजी केंद्र) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश केंद्रों पर किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया का वितरण होता पाया गया।
किसानों से ली गई जानकारी
निरीक्षण के दौरान कई उर्वरक केंद्रों पर मौजूद किसानों के बयान दर्ज किए गए। किसानों ने बताया कि उन्हें निर्धारित सरकारी दर पर यूरिया उपलब्ध कराया गया। वहीं जगजीवन दास समिति, कोटवाधाम में यूरिया का स्टॉक समाप्त मिलने पर जिला कृषि अधिकारी ने पीसीएफ को तत्काल नई खेप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिक कीमत पर यूरिया बेचने पर मुकदमा
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 23 जुलाई को अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर मेसर्स अब्दुल हाई खाद भंडार, भैरमपुर के संचालक के खिलाफ जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत रामनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हजारों बोरी उर्वरक का वितरण
विभाग के अनुसार, पीओएस मशीन में सर्वर संबंधी समस्या समाप्त होने के बाद सहकारी बिक्री केंद्रों के माध्यम से 23,000 बोरी यूरिया, 2,397 बोरी डीएपी और 519 बोरी एनपीके वितरित की गई। वहीं निजी बिक्री केंद्रों से 77,024 बोरी यूरिया, 6,211 बोरी डीएपी और 7,254 बोरी एनपीके किसानों को उपलब्ध कराया गया।
किसानों से की गई अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि अब पीओएस मशीन की सर्वर समस्या पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री या भूमि अभिलेख के आधार पर निकटतम समिति या उर्वरक बिक्री केंद्र से फसल की आवश्यकता के अनुसार उर्वरक आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
