रिपोर्ट: संदीप वर्मा
बाराबंकी से बड़ी खबर
बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जनपद स्तरीय जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेन्स कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
सम्भव-06 अभियान की हुई समीक्षा
जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सम्भव-06 अभियान (जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026) के तहत चिन्हित सैम (SAM) बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही सभी पात्र बच्चों का ई-कवच ऐप पर पंजीकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
सैम और मैम बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी की जाए और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्रत्येक पात्र बच्चे का विवरण अनिवार्य रूप से ई-कवच ऐप पर दर्ज किया जाए, ताकि उपचार और मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से हो सके।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरक पोषाहार उपलब्ध कराया जाए, जिससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
अधिकारियों को दिए समन्वय के निर्देश
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
