रिपोर्टर : कबीर
लोकेशन : मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के जिला परिषद मार्केट में युवक और युवती के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, रविवार को जिला परिषद मार्केट में एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया, जिसके बाद पुलिस ने उपलब्ध वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन कुमार निवासी जनकपुरी और आलोक कुमार निवासी न्यू रामपुरी के रूप में की गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भी पहचान की जा चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधि के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने, मारपीट करने या सार्वजनिक शांति एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार गिरी, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल संकेत शामिल रहे।
