Homeउत्तर प्रदेशसंचारी रोगों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान शुरू, सीएमओ ने जागरूकता...

संचारी रोगों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान शुरू, सीएमओ ने जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी

ब्यूरो: कबीर

मुजफ्फरनगर। मानसून के दौरान फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और डायरिया जैसी बीमारियां मानसून के दौरान तेजी से फैलती हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने, साफ पानी का उपयोग करने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, बुखार से पीड़ित लोगों की जांच और बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, डॉ. अजय शाही, जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लायंस क्लब की रीना अग्रवाल तथा पीएसआई इंडिया की भारती रावत और शोभित सक्सैना ने भी सहभागिता की।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से स्वच्छता अपनाने, मच्छरों से बचाव के उपाय करने और संचारी रोगों की रोकथाम में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments