स्थान: महोबा
रिपोर्ट: अखिलेन्द्र राजपूत
महोबा से बड़ी खबर
महोबा में एक महिला ने अपने भाई की हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि उसके भाई की पत्नी ने साजिश के तहत हत्या कराई और बाद में जेवर तथा बच्चों को अपने साथ ले गई। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बहन ने एसपी को सौंपा शिकायती पत्र
हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के लिधौरा गांव निवासी मीरा अहिरवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई महेंद्र की शादी महोबा के खरेला थाना क्षेत्र के धवारी गांव निवासी किरन अहिरवार से हुई थी। दोनों दिल्ली में मजदूरी करते थे और कुछ समय पहले गांव लौटे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव आने के बाद उनके भाई की साजिश के तहत हत्या कर दी गई।
जेवर और बच्चों को साथ ले जाने का आरोप
मीरा अहिरवार का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद धवारी गांव के प्रधान ने आश्वासन दिया था कि यदि किरन दूसरी शादी करेगी तो जेवर और रिश्तेदारों द्वारा दिया गया सामान वापस कर दिया जाएगा। उनका आरोप है कि किरन जेवर और दोनों बच्चों को लेकर कहीं और चली गई है।
उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताते हुए पुलिस से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें वापस दिलाने की मांग की है।
एसपी ने दिए जांच के निर्देश
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
