रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन तोमर की ओर से 7 अक्टूबर को जीआईसी मैदान में प्रस्तावित ‘किसान बचाओ, देश बचाओ’ महापंचायत की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। महापंचायत में किसानों से जुड़े 22 मुद्दों और मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर जीआईसी मैदान पहुंचे। उन्होंने पंडाल, बैठने की व्यवस्था और अन्य इंतजामों को देखा। कार्यकर्ताओं को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में संजीव तोमर ने महापंचायत में आने वाले किसानों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के आने-जाने के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने किसानों से हुड़दंग और स्टंटबाजी से बचने की भी अपील की। कहा कि महापंचायत का उद्देश्य किसानों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाना है, इसलिए सभी किसान अनुशासन के साथ कार्यक्रम में शामिल हों।
जीआईसी मैदान में पंडाल समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। संगठन की ओर से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। अब 7 अक्टूबर की महापंचायत पर किसानों के साथ-साथ प्रशासन की भी नजर है।
