Homeउत्तर प्रदेश50 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण, अफसरों को एक सप्ताह...

50 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण, अफसरों को एक सप्ताह की मोहलत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों का अंबार लगा रहा। विद्युत, राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, सड़क, पुलिस, नगर पालिका, नगर पंचायत, समाज कल्याण, श्रम और बेसिक शिक्षा समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 50 शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से उसकी समस्या के संबंध में जानकारी लें और निस्तारण के बाद यह भी सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट है या नहीं।

डीएम ने अधिकारियों को चेताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में भी गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का किसी कारण से निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए मौके की जांच की जाए। साथ ही निस्तारण के दौरान मौके का फोटो भी कराया जाए, ताकि कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रहे।

सरकारी जमीन पर कब्जा मिला तो तत्काल हटाएं

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने खतौली तहसील परिसर में मुख्य कृषक उपहार योजना के अंतर्गत प्रगतिशील कृषक रवि गर्ग को पंपिंग सेट वितरित किया।

इस दौरान उप जिलाधिकारी खतौली डॉ. ललित कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, तहसीलदार अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments