रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन फर्मों का डाटा चोरी कर उनके नाम और GSTIN का दुरुपयोग करते हुए फर्जी बिल तैयार कर देशभर के व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और करीब आठ लाख रुपये की धनराशि के फर्जी बिल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत आठ राज्यों से धोखाधड़ी की 15 शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें करीब 12 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश निवासी थारुन रेड्डी ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुजफ्फरनगर में पंजीकृत केके एंटरप्राइजेज के नाम से योनेक्स मैविस-350 शटलकॉक की सप्लाई करने का झांसा देकर उनसे 22,400 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। जांच में सामने आया कि केके एंटरप्राइजेज नाम से मुजफ्फरनगर में वास्तविक फर्म पंजीकृत है, लेकिन आरोपी ने फर्म के नाम और GSTIN का दुरुपयोग कर फर्जी बिल तैयार किए थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी कुंवरपाल पुत्र नरपत सिंह निवासी ग्राम लुहारली, थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर, हाल निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गूगल पर विभिन्न फर्मों की जानकारी और GSTIN खोजकर उनका डाटा जुटाता था। इसके बाद एक्सपोर्ट इंडिया और व्यापार ऐप के माध्यम से संबंधित फर्मों के नाम से फर्जी बिल तैयार करता था। फर्जी जीमेल आईडी और अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर व्यापारियों से संपर्क करता था। विश्वास जीतने के लिए उन्हें वास्तविक उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजता और भुगतान प्राप्त करने के बाद या तो नकली सामान भेजता था या सामान की डिलीवरी ही नहीं करता था। शिकायत मिलने पर वह पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता था अथवा अपना मोबाइल नंबर बदल लेता था।
धोखाधड़ी के इस नेटवर्क को चलाने के लिए आरोपी अब तक करीब 30 सिमकार्ड और विभिन्न फर्मों के नाम पर 10 फर्जी जीमेल आईडी का इस्तेमाल कर चुका था। पिछले एक वर्ष में उसने अपने नाम पर करीब 20 मोबाइल नंबर जारी कराए। इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार आरोपी ने लगभग आधा दर्जन बार अपना पता बदलकर अलग-अलग स्थानों पर बैंक खाते खुलवाए और ठगी की रकम के लेनदेन में उनका इस्तेमाल किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से संबंधित मोबाइल नंबरों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से 15 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न फर्मों के नाम से बनाई गई फर्जी ईमेल आईडी के लॉगिन भी मिले हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य नेटवर्क और ठगी की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मराज यादव, जय शर्मा, हेड कांस्टेबल सोनबीर सिंह तथा कांस्टेबल रोबिन कसाना और नरेंद्र कुमार शामिल रहे।

