रिपोर्ट – नितिन कुमार
रामपुर। थाना खजुरिया क्षेत्र के ग्राम पदपुरी में बीते 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक किसान का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। घटना के समय घर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।ग्राम प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि गांव निवासी घनश्याम श्रीवास्तव पुत्र दीनानाथ का कच्चा मकान था, जिस पर तीन सेट डला हुआ था। लगातार हो रही भीषण बारिश के कारण कच्ची दीवारों ने पानी पी लिया और दीवारें कमजोर हो गईं। जिसके चलते देर रात मकान अचानक भरभराकर गिर गया।पीड़ित किसान घनश्याम श्रीवास्तव ने बताया कि मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान दब गया और लगभग 40 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हो गया है। सूचना पर ग्राम प्रधान द्वारा राजस्व विभाग को अवगत करा दिया गया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करेगी और पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलवाया जाएगा।
