रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। काली नदी पुल पर हथियारों की खेप के साथ कोतवाली नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, छह .315 बोर तमंचे और एक 12 बोर तमंचा, छह खाली मैगजीन, चार हजार रुपये और दो मोबाइल बरामद किए। हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल फ्रॉन्क्स कार और बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
30 सितंबर को न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को हथियारों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली। काली नदी पुल के पास पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को घेर लिया। तलाशी में हथियारों की खेप मिलते ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितेश सैनी निवासी सरधना, मेरठ, समीर निवासी मजीदपुरा, हापुड़ और उमंग उर्फ देवा चौहान निवासी मटौर, मेरठ के रूप में हुई।
मेरठ से हथियार, मांग पर सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में समीर और उमंग ने मेरठ निवासी एक व्यक्ति से हथियार खरीदकर मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करने की बात बताई। नितेश हथियार खरीदने के लिए पहुंचा था।
दो आरोपियों पर पहले से मुकदमे
पुलिस के अनुसार समीर और उमंग के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है।
मामले में आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के व । टीला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, उपनिरीक्षक पवन प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र सैनी और कांस्टेबल वेदराम व मनीष शामिल रहे।
