रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने आपराधिक मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे एक वारंटी अभियुक्त और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को न्याजूपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनशाह पुत्र अब्दुल सत्तार, निवासी नबिया करीम मस्जिद के पास, किदवईनगर, थाना खालापार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 के एक मामले में वारंट जारी था। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शाहनशाह के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी का माल रखने, हत्या के प्रयास, आयुध अधिनियम, बलवा और गुंडा एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कई मामले कोतवाली नगर थाने से संबंधित हैं, जबकि एक मामला नई मंडी थाने में दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2012 से 2022 तक अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मयंक प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल शेर सिंह शामिल रहे।
