रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर राजकीय यूनानी चिकित्सालय, नगरीय क्षेत्र, रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में होम्योपैथी विभाग द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश गुप्ता एवं डॉ. अफसाना के नेतृत्व में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में कुल 20 मरीजों, जिनमें 15 पुरुष एवं 5 महिलाएं शामिल थीं, का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में फार्मासिस्ट अरुणेश कुमार मिश्रा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अमन कुमार एवं राकेश कुमार ने उपस्थित रहकर शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में आयुर्वेद सहित विभिन्न आयुष चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आयुर्वेद की प्रमुख विशेषताओं एवं जनस्वास्थ्य में आयुष चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
