Homeउत्तर प्रदेशसिविल लाइन थाने में पूर्व अपराधियों की परेड, एसपी सिटी ने दिलाई...

सिविल लाइन थाने में पूर्व अपराधियों की परेड, एसपी सिटी ने दिलाई अपराध से दूर रहने की शपथ

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अपराध की दुनिया से नाता तोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें, वरना पुलिस की निगरानी से बचना आसान नहीं होगा। शनिवार को सिविल लाइन थाने में पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों की परेड कराई गई। दोपहर करीब एक बजे एसपी सिटी अमृत जैन ने उनसे सीधा संवाद किया और अपराध का रास्ता छोड़कर कानून का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिक बनने की हिदायत दी।

एसपी सिटी अमृत जैन के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन चक्रवात के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। इस दौरान सभी लोगों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने, नशे से दूर रहने और समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

एसपी सिटी अमृत जैन ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल शपथ दिलाने तक सीमित नहीं है। नगर जोन के सभी थानों में पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों को बुलाकर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। उनकी मौजूदा गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियां जुटाने के साथ डोजियर तैयार कर व्यवस्थित डेटाबेस बनाया जा रहा है, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।

एसपी सिटी ने चेतावनी दी कि पुराने अपराधों की पैरवी या अन्य किसी वजह से दोबारा कानून हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपने आचरण में सुधार लाने और अपराध से पूरी तरह दूरी बनाने की हिदायत दी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन चक्रवात का मकसद अपराध की पुनरावृत्ति रोकना, अपराधियों पर अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments