Homeउत्तर प्रदेशवेद इंटरनेशनल स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का भव्य...

वेद इंटरनेशनल स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। वेद इंटरनेशनल स्कूल, बासूपुर में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशानुसार एक दिवसीय ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का गरिमामय वातावरण में सफल आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं यातायात पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से एनएचएआई (NHAI) की ओर से साइट इंजीनियर आनंद विक्रम सिंह, पर्सनल असिस्टेंट अजय आनंद, कंसल्टेंट रोड सेफ्टी टीम के टीम लीडर गोपाल जी, ट्रांसपोर्ट इंजीनियर चिन्मय मलिक, रोड सेफ्टी इंजीनियर प्रीतम रघुवंशी, साइट इंजीनियर वीर सिंह, यातायात पुलिस विभाग से सब-इंस्पेक्टर रामचरन सिंह तथा शिक्षा विभाग से एसोसिएट डीआईओएस (ADIOS) अरविंद कुमार उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांतों, नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग की बारीकियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को तेज रफ्तार (ओवर-स्पीडिंग) पर नियंत्रण रखने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का कतई उपयोग न करने, दोपहिया वाहनों पर अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने के खतरों, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) ड्राइविंग तथा ट्रैफिक सिग्नल जंपिंग से बचने के प्रति जागरूक किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पैदल यात्रियों (Pedestrians) के अधिकारों व जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का सम्मान करने पर बल दिया।
विशेषज्ञों ने लेन अनुशासन (Lane Discipline), ओवरटेकिंग के सही नियम, सुरक्षित दूरी (Safe Distance) का पालन, ब्लाइंड स्पॉट्स की पहचान, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने (नो अंडरएज ड्राइविंग), दोपहिया पर ट्रिपल राइडिंग पर पूर्ण रोक तथा एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रास्ता देने जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण जीवनरक्षक नियमों की व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं के समय घायलों की जान बचाने के लिए ‘गोल्डन ऑवर’ की महत्ता और नेक नागरिक (गुड सेमेरिटन लॉ) के कानूनी संरक्षण के प्रति भी बच्चों को प्रेरित किया गया।
सत्र के दौरान रंग-बिरंगे चार्ट और पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों को आदेशात्मक (Mandatory), चेतावनी (Warning) एवं सूचनात्मक (Informatory) यातायात संकेतों की पहचान कराई गई और कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का अक्षरशः पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा, उप-प्रधानाचार्य महेश शुक्ला, पूनम श्रीवास्तव, आलोक सिंह कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, राजन गुप्ता, राज वर्मा, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, अंजली सिंह सहित समस्त शिक्षकगण, विद्यालय कर्मी एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा द्वारा सभी अतिथियों व आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments