Homeउत्तर प्रदेशविश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प

ब्यूरो: कबीर

मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जट मुझेड़ा स्थित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल पौधा लगाने की पहल नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक भी है। उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी उसी प्रकार देखभाल करे, जैसे वह अपने परिवार के किसी सदस्य की करता है।

सीएमओ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक और दूरगामी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments