ब्यूरो: कबीर
मो. 9389289821
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा को हर हाल में निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व में संपन्न कराई गई परीक्षाओं की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाएं। साथ ही भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8,232 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 17 केंद्र व्यवस्थापक, 36 सहायक केंद्र व्यवस्थापक और 686 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी न हो। सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली, जनरेटर, पंखे तथा महिला-पुरुष शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक सभी सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित रहें।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी भी मोबाइल फोन, घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाएंगे। सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएगी। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया अनिवार्य होगी तथा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व मुख्य द्वार पर सघन जांच की जाएगी। पूरी परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया जाएगा। रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
