रिपोर्ट कबीर
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) से पूर्व शुरू हुए योग सप्ताह के पहले दिन सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्यों ने पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।
योग सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक तनाव से मुक्ति, शारीरिक स्फूर्ति और कार्यक्षमता बढ़ाने के प्रति जागरूक करना रहा। योगाचार्यों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच को भी मजबूत बनाता है, जो पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण सेवा में अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
पुलिस विभाग का मानना है कि योग के माध्यम से पुलिस जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनाया जा सकता है, जिससे उनकी कार्यकुशलता, निर्णय क्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार होगा।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में योग सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं विशेष योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही आमजन से भी योग को अपनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की गई है।
