रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। यातायात पुलिस में तैनात तीन उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ पुलिस सेवा जारी रखने का संदेश दिया।
पदोन्नति पाने वालों में तरुण कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार धारीवाल और महेश कुमार शामिल हैं। निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से तीनों पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। इस मौके पर एसएसपी सूरज कुमार राय ने कहा कि पदोन्नति पुलिसकर्मियों की मेहनत, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का सम्मान है। यह उपलब्धि जहां उनके कार्यों की पहचान है, वहीं आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी भी बढ़ाती है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करें। आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखना भी पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसएसपी ने पदोन्नत निरीक्षकों से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने की अपेक्षा की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पदोन्नत निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। तरुण कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार धारीवाल और महेश कुमार की पदोन्नति को उनके सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
