रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। मोरना में बस स्टैंड पर स्थित महर्षि शुकदेव इंटर कॉलिज में सोमवार को विकसित भारत अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत 2047’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें छात्र-छात्राओं ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपने विचार और कल्पनाओं को प्रस्तुत किया।प्रतियोगिताओं में कुल 54 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में वीर प्रताप ने प्रथम, नैन्सी ने द्वितीय तथा तकवीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।जूनियर वर्ग में हिमांशी प्रथम,जुवेरिया सिद्दीकी द्वितीय तथा सोनू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं भाषण प्रतियोगिता में असबा ने प्रथम, जुवेरिया सिद्दीकी ने द्वितीय तथा काफिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में अरविंद दुबे, प्रेमादेवी यादव एवं जयप्रकाश शामिल रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक प्रयोग से बचते हुए अपनी शिक्षा और प्रतिभा के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने कहा कि देश वर्तमान समय में बड़े बदलावों के दौर से गुजर रहा है और युवाओं की प्रतिभा एवं सहभागिता से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को गति मिलेगी। कॉलेज प्रबंधक वरुण कुमार सहरावत ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा, ज्ञान और अपनी प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।कैप्टन प्रवीण चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रत्येक क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।युवा शक्ति देश को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य फूलचन्द्र प्रधानाचार्य पंकज माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष अरुणपाल, पर्यवेक्षक संदीप कौशिक एवं शर्मिल राठी, सह-पर्यवेक्षक आजादवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक दुष्यंत कुमार ने किया।
