रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शामली जनपद की एक विधवा महिला ने अपने बुढ़ाना तहसील में मुंशी दामाद पर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के जरिए करीब 10 बीघा कृषि भूमि व ट्यूबवैल हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए दस बीघा जमीन वापस दिलाने की गुहार लगाई। पीड़ित महिला मीडिया से बात करते हुए कैमरे पर ही अपना दुखड़ा सुनाते हुए रो पड़ी।
पीड़ित महिला नें जानकारी देते हुए बताया की ग्राम मुंडेट कलां, थाना आदर्श मंडी शामली निवासी बाला पत्नी स्वर्गीय भोपाल ने बताया कि उसने 16 मई 2024 को ग्राम मंदवाड़ा, थाना बुढ़ाना क्षेत्र में यामीन पुत्र वकील से करीब 10 बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। महिला का कहना है कि वह अनपढ़ होने के कारण अपने दामाद राहुल कुमार पर भरोसा करती थी। राहुल कुमार बुढ़ाना तहसील में मुंशी का काम करता है, इसलिए जमीन के बैनामे से संबंधित पूरी प्रक्रिया उसी के भरोसे छोड़ दी गई थी।
महिला का आरोप है कि राहुल कुमार ने बैनामे की कार्रवाई के नाम पर कागजात तैयार कराए और उसके अंगूठे लगवाए। आरोप है कि इसी दौरान धोखाधड़ी कर उसी तारीख को कृषि भूमि का एक हिबानामा (दान-पत्र) भी राहुल कुमार नें अपने नाम तैयार करा लिया गया और महिला का अंगूठे लगवा लिए गए। इसके बाद कथित तौर पर राजस्व अभिलेखों में भी जमीन राहुल कुमार के नाम दर्ज करा दी गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी अब उसे लगातार धमकी दे रहा है और कानूनी कार्रवाई करने पर उसे तथा उसके दोनों पुत्रों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
महिला ने मुज़फ्फरनगर एसएसपी से मामले की जांच कर आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत में पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उसे उसकी जमीन वापस दिलाने की भी गुहार लगाई गई है।
पीड़िता के भांजे शिवम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह मेरी मौसी बाला है और इनके दामाद ने बुढ़ाना थाना क्षेत्र के मंडवाड़ा गांव में 10 बीघा जमीन धोखाधड़ी से अपने नाम करा ली। वापस मांगने पर इनका दामाद जान से मारने की धमकी देता है इसीलिए आज हम एसपी ऑफिस पर आए हैं और इंसाफ की गुहार लगाई है कि इनको जमीन वापस दिलाई जाए।
