एक सप्ताह में आवेदन और सत्यापन की औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश, लापरवाही पर सख्ती
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विकसित किए गए नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पोर्टल की कार्यप्रणाली, आवेदन, सत्यापन और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की पूरी प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों ने लाइव डेमो के माध्यम से बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए किस प्रकार आवेदन किया जाएगा। आवेदन के सत्यापन से लेकर कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया भी समझाई गई। बैठक में मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
एक सप्ताह में पूरी करनी होंगी औपचारिकताएं
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कराकर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि इस संबंध में मुख्यालय को समय से जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मुख्यालय स्तर पर आगे की कार्रवाई तेजी से पूरी की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
आवेदन से कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया समझाई
बैठक में पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने, दस्तावेजों के सत्यापन और आयुष्मान कार्ड जारी होने की प्रक्रिया को विस्तार से बताया गया। इसका उद्देश्य पात्र पत्रकारों और उनके आश्रितों को योजना से जोड़ना तथा कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। नए पोर्टल के माध्यम से संबंधित जिला सूचना कार्यालयों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि उन्हें पात्र पत्रकारों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर विवरण निर्धारित समय में अपलोड करना है।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चंद्र भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
