रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर,मोरना। शुक्रताल मार्ग स्थित बैंक्वेट हॉल में समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए जन संवाद बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को एकत्र कर उनके आधार पर रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि सपा कार्यकर्ता समाज के सेवक और सिपाही के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी धर्म और जाति के भेदभाव को समाप्त कर समाज और देश को मजबूत बनाने का काम करती है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में एंबुलेंस, डायल-100 सेवा तथा छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और साइकिल वितरण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी नफरत नहीं, बल्कि प्रेम बढ़ाने की बात करती है।
हाजी मौ. मूसा ने कहा कि मोरना-मीरापुर क्षेत्र में सपा सरकार के कार्यकाल में आधुनिक अस्पताल, आईटीआई कॉलेज,अनेक बिजलीघर बिजलीघर तथा क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों के दोहरीकरण सहित अनेक विकास कार्य कराए गए थे।
सर्वेन्द्र राठी ने कहा कि आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, लेकिन अभी तक मुआवजे की घोषणा नहीं हुई है।
विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं का डाटा एकत्र करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस बार जिला स्तर पर घोषणा पत्र तैयार करेगी। उन्होंने बिजली की बढ़ती कीमत और घटती आपूर्ति के कारण लघु उद्योगों के प्रभावित होने तथा बेरोजगारी बढ़ने की बात भी कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमपाल प्रजापति ने की। इस अवसर पर जिला सचिव रजनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष अजय चेयरमैन, काजी अफजल, सेक्टर प्रभारी मौ. नवाब, बोबिन चौधरी, डॉ. मुकीम, जाहिद खान, विधानसभा कोषाध्यक्ष अंजार अब्बासी, डॉ. हनी, संजीव प्रजापति, सुरेश प्रजापति, अनिल प्रजापति, मनीष प्रजापति, नरेश प्रजापति, विकास यादव, नसीम, नरेश पाल प्रजापति, आदित्य कुमार आदि मौजूद रहे।
