रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खतौली पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर वकील को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने बेटे और भतीजे के साथ मिलकर पत्नी रेशमा की हत्या की और शव को प्लास्टिक के कट्टे में रखकर नहर में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना से जुड़े सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को ग्राम जसौला निवासी बाबू ने थाना खतौली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री रेशमा को वकील, हसीन, हाजी नसीर, शाहजहां उर्फ भूरी, सलमा और अजीम ने अपहरण कर कहीं छिपा दिया है। मामले में थाना खतौली पर मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह को सौंपी गई।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में वकील ने बताया कि उसकी दूसरी शादी रेशमा से करीब 18 वर्ष पहले हुई थी। दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी के मुताबिक उसने अपने बेटे अजीम और भतीजे उवैश के साथ मिलकर रेशमा की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि चार सितंबर को वह रेशमा को बहाने से मोहम्मदपुर माफी स्थित अपने भाई की डेयरी पर ले गया था। अगले दिन रात करीब 11 बजे उसने अजीम और उवैश के साथ मिलकर रेशमा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्लास्टिक के कट्टे में रखकर नहर की पटरी तक ले जाया गया और नहर में फेंक दिया गया। आरोपी ने पुलिस को घटना में इस्तेमाल सामान और शव फेंकने का स्थान दिखाने की बात भी बताई।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी ने रेशमा के मोबाइल से सिम निकालकर तोड़ दी और मोबाइल भी नहर के पास फेंक दिया। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई काली चुन्नी और रेशमा की चप्पल डेयरी पर ही रह गई थीं। पुलिस ने एक जोड़ी पुरानी काली चप्पल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है।
रेशमा के परिजनों द्वारा उससे बातचीत कराने और मिलवाने का दबाव बनाए जाने के बाद आरोपी और उसका परिवार सात सितंबर को घर से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार सोमवार को वकील किसी काम से खतौली आया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी वकील पुत्र हाजी नसीब, निवासी मोहल्ला सद्दीकनगर, थाना खतौली है। पुलिस के अनुसार वकील थाना खतौली का HS-02A हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गोवध अधिनियम, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज रहे हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, उपनिरीक्षक संजय तोमर, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल धनेश नागर, कांस्टेबल हेमंत चौधरी और महिला कांस्टेबल कोमल शामिल रहीं।
