Homeउत्तर प्रदेशदिशा की बैठक में सांसद ने कसे अफसर, समय पर और गुणवत्तापूर्ण...

दिशा की बैठक में सांसद ने कसे अफसर, समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम के निर्देश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में लोकसभा सांसद हरेन्द्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, दिव्यांग उपकरण वितरण, दिव्यांग, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, वृक्षारोपण अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न हो।

गन्ना भुगतान और सड़कों पर भी दिया जोर

सांसद हरेन्द्र सिंह मलिक ने गन्ना किसानों के भुगतान, श्रमिकों के मानदेय तथा सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि जनता को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।

भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त रुख

बैठक में सांसद ने सरकारी योजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार अथवा लापरवाही की शिकायत सामने आने पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। आम जनता से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने को कहा गया।

सांसद ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आम नागरिकों को उनका सीधा लाभ मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने दिया अनुपालन का भरोसा

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित विभागों से आवश्यक अनुपालन कराया जाएगा। विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे कराने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदन चौहान, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, जानसठ क्षेत्र पंचायत प्रमुख नरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सचिव कुंवर बहादुर सिंह, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और दिशा समिति के सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments