रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जीआईसी ग्राउंड में मंगलवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से सहायक उपकरण वितरण शिविर एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण नरेंद्र कश्यप ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।
‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को 200 ट्राईसाइकिल, 36 व्हीलचेयर, 45 स्मार्ट केन, 144 बैसाखी, 20 एमआर किट, 14 लेप्रोसी किट, 15 कान की मशीन और 98 कृत्रिम हाथ-पैर वितरित किए गए। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनका जीवन सुगम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को संबल और सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। पिछड़ा वर्ग के पात्र लोगों को भी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित ओ-लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना और पिछड़ी जाति शादी अनुदान योजना के 25 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान संजय गर्ग, रेणु गर्ग, प्रशांत मलिक, रामकुमार कश्यप, राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य सुंदरपाल एडवोकेट, एनआरएलएम के उपायुक्त केएन पांडेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अरविंद पाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और उपस्थित लोगों का आभार जताया।

