रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शहर के जीआईसी मैदान में 15 अक्टूबर को किसान मजदूर संगठन की ओर से किसान महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। महाकुंभ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एसडीएम सदर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने जीआईसी मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम ने पंचायत को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पालिका अधिकारियों को साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष ठाकुर लोकेश राणा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि किसान महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों के अलावा छह राज्यों से किसान शामिल होंगे। महाकुंभ में गन्ना मूल्य बढ़ाकर घोषित करने, मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दिलाने और सांसदों-विधायकों की पेंशन बंद करने सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देशभर की नदियां प्रदूषित हो रही हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। मुजफ्फरनगर में कैंसर के मरीजों के उपचार के लिए एक बड़ा अस्पताल स्थापित करने की मांग भी महाकुंभ में उठाई जाएगी।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि किसान-मजदूर और राष्ट्रवाद के मुद्दों को लेकर महापंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को सत्ता में बने रहना है, उसे किसानों और मजदूरों के हितों के साथ-साथ राष्ट्र के विकास की बात भी करनी होगी। किसान महाकुंभ में इन मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
