रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर ककरौली। थाना क्षेत्र के गांव खोकनी में बुधवार रात नीता (50) पत्नी स्वर्गीय धर्मेंद्र के छप्पर में अचानक आग लग गई। रात में शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों ने बाहर निकलकर देखा तो छप्पर आग की लपटों से घिरा था। ग्रामीणों ने तत्काल नल, समर्सिबल आदि से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग में तीन चारपाई, रजाई-गद्दे, पहनने के कपड़े, करीब पांच हजार रुपये समेत छप्पर में रखा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग से नीता के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
नीता के तीन बेटे हैं और तीनों अलग-अलग रहते हैं। पति की मृत्यु के बाद नीता मजदूरी कर अपना पालन-पोषण करती हैं। वह सड़क निर्माण सहित अन्य स्थानों पर मजदूरी कर परिवार का गुजारा चला रही हैं।
घटना के बाद नीता और उसके पड़ोसियों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवश्यक सामान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़िता की स्थिति को देखते हुए नियमानुसार मदद दिलाने की मांग की है।
