रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत मंसूरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय व्यक्ति को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में मंसूरपुर पुलिस टीम सोन्टा जाने वाले रास्ते पर अंडरपास से पहले ट्यूबवेल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप पुत्र अतरा निवासी गांव जड़ौदा, थाना मंसूरपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 65 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 341/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिखर चौधरी, हेड कांस्टेबल राजीव भारद्वाज, सुहैल खान तथा कांस्टेबल मोहित यादव और मोनू शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

