Homeउत्तर प्रदेशविकसित भारत के विजन पर युवाओं ने रखे विचार, छह प्रतिभागी अगले...

विकसित भारत के विजन पर युवाओं ने रखे विचार, छह प्रतिभागी अगले चरण के लिए चयनित

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में राष्ट्रीय युवा उत्सव (NYF) के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 की जनपद स्तरीय चैलेंज ट्रैक पीपीटी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से विचारों, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर छह श्रेष्ठ प्रतिभागियों का अगले चरण के लिए चयन किया।

युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा और सकारात्मक सोच को देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में सनातन धर्म महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. प्रीतम सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र यादव, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष द्विवेदी, सनातन धर्म महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. पायल चौधरी तथा डीएवी महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. किरण पाल सिंह शामिल रहे। प्रतियोगिता की ज्यूरी के अध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार रहे।

प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर छह प्रतिभागियों को अगले राउंड के लिए चुना गया। इनमें प्रथम स्थान पर अनुराग शर्मा, दूसरे स्थान पर अदिति आर्या, तीसरे स्थान पर सुकैना, चौथे स्थान पर यशवी, पांचवें स्थान पर कहकशा और छठे स्थान पर अंश वत्स रहे। चयनित प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्राची पंवार, कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अंकुर कुमार, वीआई सन्नी वर्मा, जानसठ के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अजय कुमार, खतौली के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह तथा वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने, नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने और विकसित भारत के लक्ष्य से जुड़ने का मंच मिला।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments