रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 218 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। आरोपी स्मैक की खेप लेकर उसे मुजफ्फरनगर, शामली और आसपास के जिलों में खपाने की फिराक में था।
प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर बसी तिराहे के पास स्थित समाधि के निकट घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबिश देकर पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 218 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा मिला।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहसान राणा पुत्र परवीन निवासी गांव नंगला, थाना रतनपुरी, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाहजहांपुर और बरेली से मादक पदार्थ खरीदकर लाता था और मुजफ्फरनगर, शामली समेत आसपास के जिलों में बेचकर अवैध कमाई करता था। वह इस बार भी स्मैक बेचने के लिए बुढ़ाना पहुंचा था, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आरोपी के खिलाफ बुढ़ाना थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हरियाणा और शामली में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, हथियार अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के मादक पदार्थ नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
