रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के शुक्रताल स्थित सोलर प्लांट से कॉपर तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भोपा पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से आठ बंडल कॉपर तार, 30 हजार रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो और करीब 2.55 लाख रुपये कीमत की बुलेट बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बुलेट चोरी के माल को बेचकर मिले रुपयों से खरीदी गई थी।
25-26 सितंबर की रात चोरी
शुक्रताल स्थित सोलर प्लांट में 25 और 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर कॉपर तार चोरी कर लिया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले।
चेकिंग में पकड़े गए पांचों आरोपी
पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर को भोपा पुलिस और एसओजी देहात की टीम भोपा-बेलड़ा रोड स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिद्वार निवासी अजीज अहमद और शाहनवाज तथा बदायूं निवासी अमन, अश्वनी कुमार और ज्ञानबाबू के रूप में हुई है।
कॉपर तार के आठ बंडल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के आठ बंडल कॉपर तार, 30 हजार रुपये नकद, यूके17सी0302 नंबर की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि बुलेट चोरी के तार बेचकर मिले रुपयों से खरीदी गई थी।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी समेत भोपा थाने की पुलिस शामिल रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
