Homeउत्तर प्रदेशशुकतीर्थ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे...

शुकतीर्थ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे घाट

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। महाभारत कालीन ऐतिहासिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से पूरा तीर्थ क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

जिला पंचायत की ओर से आयोजित स्नान मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पुरोहितों के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। स्नान के बाद श्रद्धालु प्रसिद्ध शुकदेव आश्रम, हनुमद्धाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम और मां पीतांबरा धाम सहित विभिन्न मंदिरों में पहुंचे। यहां प्रसाद चढ़ाकर साधु-संतों से आशीर्वाद लिया।

बैंड-बाजों और भक्ति नृत्य से सराबोर हुई तीर्थनगरी

मेले के दौरान तीर्थनगरी के रास्तों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कलश पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के समूह बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर भक्ति नृत्य करते हुए गंगा घाटों की ओर बढ़ते नजर आए। विभिन्न आश्रमों में चल रहे सत्संग और प्रवचनों से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। वहीं, मेले के बाजारों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की।

भारी वाहनों पर रोक, प्रशासन ने संभाली यातायात व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया। मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्य मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया।

निर्धारित रूट व्यवस्था के तहत भारी वाहनों को मोरना चौराहे से बहुपुरा और फिरोजपुर होते हुए गुरु शरणदास आश्रम के रास्ते भेजा गया, जबकि दूसरे मार्ग से मोरना, बिहारगढ़ और मां काली मंदिर मार्ग होते हुए मेला ग्राउंड तक पहुंचने की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments