रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पात्र विद्यार्थियों का डाटा सत्यापन, अग्रसारण और लंबित प्रक्रिया दो दिन के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल वास्तविक पात्र विद्यार्थियों को ही मिलना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं डिजिशक्ति योजना के नोडल अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण की तैयारियों और पोर्टल पर लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में डिजिशक्ति पोर्टल पर आधार सत्यापित विद्यार्थियों की संख्या और संस्थानवार उपलब्धता की जानकारी ली गई। सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए कि पोर्टल पर उपलब्ध पात्र विद्यार्थियों का विवरण तत्काल सत्यापित कर अपडेट करें। इसके साथ ही जिन संस्थानों ने अभी तक विद्यार्थियों का डाटा अग्रसारित नहीं किया है, उन्हें लंबित कार्यों का कारण स्पष्ट करते हुए शत-प्रतिशत डाटा अग्रसारित करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपात्र विद्यार्थियों का चयन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। संस्थानों की ओर से अग्रसारित किए गए विद्यार्थियों के डाटा की जांच कर जिला स्तर पर लंबित लॉकिंग की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जाए।
आधार सत्यापित विद्यार्थियों की संख्या के लिहाज से जिले के शीर्ष 20 संस्थानों को विशेष रूप से समयबद्ध ढंग से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्रबंधकों और नोडल अधिकारियों से प्रगति की जानकारी भी ली गई।
**दो दिन में तैयार करनी होगी वितरण की कार्ययोजना**
प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों और संस्थानों को आगामी दो दिनों के भीतर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और वितरण व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक संस्थान को वितरण अभियान के लिए अपना नोडल अधिकारी नामित कर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करना होगा।
वितरण कार्यक्रम में परीक्षाओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। जिन विद्यार्थियों की निर्धारित तिथि पर परीक्षा नहीं होगी, उन्हें प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित हुए बिना वितरण कराया जा सके। संस्थानों को अपने परिसर में ही पात्र विद्यार्थियों की सूची, डिवाइस मैपिंग और अभिलेखों का सत्यापन पहले से पूरा करना होगा।
बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन, एआरटीओ (प्रवर्तन) चम्पालाल, मुजफ्फरनगर रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार सहित 47 से अधिक शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्रबंधक, नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

