मौजूदा 400/220 के.वी. उपकेन्द्र बांदा पर 220/132 के.वी. विभव और लाइनों का निर्माण जारी
उ.प्र. पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन की यह परियोजना 31 दिसंबर 2026 तक होगी पूर्ण
बांदा में लो-वोल्टेज की समस्या होगी खत्म, बांदा को मिलेगी निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति
रिपोर्ट – शुभम सिंह
बांदा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार बुंदेलखंड क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में बांदा जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अत्याधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए योगी सरकार ने 32.50 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से जिले के लाखों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी
उ.प्र. पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड के तत्वावधान में मौजूदा 400/220 के.वी. उपकेन्द्र बांदा पर 220/132 के.वी. विभव (वोल्टेज) स्तर के उच्चीकरण और नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना को 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजली कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या होंगी खत्म
सरकार की इस पहल से बांदा और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ने से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी बल्कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त ऊर्जा और स्थानीय उद्योगों को भी नई गति प्राप्त होगी। ऐसा माना जा रहा हैं की सरकार की यह पहल बुंदेलखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। जिससे जनपद के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

