रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में आयोजित जनकल्याणकारी योजनाओं के शिविर में मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति स्टॉल लगाया गया। यहां महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं के साथ महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
शिविर में पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही किसी समस्या या आपात स्थिति में पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने मिशन शक्ति स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रही जागरूकता गतिविधियों और महिलाओं को दी जा रही जानकारी का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।
एसपी अपराध ने महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया। शिविर के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
