रिपोर्ट – राकेश कुमार
बिजनौर। जनपद बिजनौर के थाना मंडावली पुलिस ने बच्चे की खरीद-फरोख्त के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम कोटावाली निवासी आराम सिंह पुत्र बदन सिंह ने थाना मंडावली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके आठ माह के बेटे को बेचने का सुझाव दिया और खरीददार उपलब्ध कराने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने बच्चे का सौदा कराने में भूमिका निभाई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि देवदराज सिंह और उनकी पत्नी सुनीता के छह पुत्रियां थीं और कोई बेटा नहीं था। इसी कारण उन्होंने कथित रूप से खुर्शीद और शमशेर के माध्यम से आराम सिंह के आठ माह के बेटे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस के अनुसार, बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे ग्राम श्यामिवाला में रिश्तेदारी में छोड़ दिया गया था, जहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। थाना मंडावली पुलिस ने इस मामले में शमशेर पुत्र बुध, खुर्शीद पुत्र अब्दुल, देवदराज सिंह पुत्र झाड़िया तथा सुनीता पत्नी देवदराज सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना मंडावली के उपनिरीक्षक लखनलाल, कांस्टेबल हर्ष चौधरी, कांस्टेबल आजाद तथा महिला कांस्टेबल विशाखा शामिल रहीं।
